बरेका में राजभाषा पखवाड़ा: जीवन शैली बीमारियों की रोकथाम पर तकनीकी गोष्ठी, कर्मचारियों को मिला स्वास्थ्य मंत्र”

0


वाराणसी। राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में गुरुवार, 18 सितम्बर 2025 को “जीवन शैली बीमारियां – रोकथाम व नियंत्रण” विषय पर एक तकनीकी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित कर्मचारियों को जीवन शैली बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

 बरेका में राजभाषा पखवाड़ा: जीवन शैली बीमारियों की रोकथाम पर तकनीकी गोष्ठी, कर्मचारियों को मिला स्वास्थ्य मंत्र

डॉ. देवेश कुमार ने कहा कि समय के साथ प्रकृति बदल रही है, लेकिन इंसान अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहा, और यही बीमारियों की जड़ है। मोटापा, उच्च रक्तचाप, शुगर, दमा, लकवा, श्वास रोग और कैंसर जैसी बीमारियाँ सबसे ज्यादा जीवन शैली से जुड़ी समस्याओं के कारण ही होती हैं। उन्होंने बताया कि इन बीमारियों का मुख्य कारण शारीरिक श्रम में कमी, गलत खान-पान, अधिक कैलोरी का सेवन, प्रदूषण, तंबाकू का प्रयोग और तनाव है।

उन्होंने रोकथाम के उपाय बताते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी है। हरी सब्ज़ियां, फल, दूध और मोटे अनाज का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। साथ ही धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाना जीवन शैली संबंधी बीमारियों से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है। डॉ. कुमार ने खासतौर पर ऑफिस में कंप्यूटर पर काम करने वाले कर्मचारियों को सलाह दी कि हर एक घंटे बाद 5 से 10 मिनट का ब्रेक लें और सही पोश्चर में बैठकर कार्य करें।

 बरेका में राजभाषा पखवाड़ा: जीवन शैली बीमारियों की रोकथाम पर तकनीकी गोष्ठी, कर्मचारियों को मिला स्वास्थ्य मंत्र

इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली अपनाकर ही हम खुद को फिट और ऊर्जावान रख सकते हैं। वहीं, मुख्य संरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे ने कर्मचारियों को अपनी आदतों में सुधार कर निरोगी जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक विजय प्रताप सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी अंकुर रामपाल ने प्रस्तुत किया। इस गोष्ठी में जन सम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी पियूष मिंज सहित बड़ी संख्या में बरेका कर्मचारी शामिल हुए और उन्होंने इस आयोजन से महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।








Leave A Reply

Your email address will not be published.