काशी के दशाश्वमेध घाट पर सनातनी परंपरा से मनाया गया विदेशी पर्यटक का जन्मदिन

0


वाराणसी। गंगा तट पर बसे काशी के दशाश्वमेध घाट पर शुक्रवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहां एक विदेशी पर्यटक का जन्मदिन पूरे विधि-विधान और सनातन परंपराओं के अनुसार मनाया गया। शंखनाद और मंत्रोच्चारण के बीच काशी के पुरोहितों ने पर्यटक को आशीर्वाद दिया और दीर्घायु, सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की।

विदेशी अतिथि का जन्मदिन शुरू हुआ शंख बजाकर, इसके बाद पुरोहितों ने उनका तिलक कर स्वागत किया। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विशेष पूजा-पाठ कराया गया। इस अवसर पर शांति पाठ भी किया गया ताकि उनके जीवन में सदैव स्वास्थ्य, खुशहाली और उन्नति बनी रहे।

काशी के दशाश्वमेध घाट पर सनातनी परंपरा से मनाया गया विदेशी पर्यटक का जन्मदिन 

मीडिया से बातचीत करते हुए घाट पर मौजूद एक पुरोहित ने कहा, “सनातन धर्म में यह परंपरा रही है कि हर कोई चाहता है कि अपना विशेष दिन किसी पावन स्थल पर मनाए। काशी में जन्मदिन मनाने का महत्व अलग ही है। यहां जन्मदिन मनाने से व्यक्ति को आध्यात्मिक शक्ति और गंगा मैया का आशीर्वाद मिलता है।”

जन्मदिन समारोह में विदेशी पर्यटक के साथ आए उनके साथी भी मौजूद रहे। इस आयोजन को देखने के लिए घाट पर स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा।

वाराणसी की संस्कृति और धार्मिकता का यह अनोखा संगम विदेशी पर्यटक के लिए जीवन भर की यादगार बन गया। गंगा किनारे हुए इस विशेष उत्सव ने एक बार फिर काशी की आध्यात्मिकता और सनातन परंपराओं की झलक दुनिया के सामने पेश की।








Leave A Reply

Your email address will not be published.