वाराणसी : गोलगड्डा तिराहे पर मिला वृद्ध का शव, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। जैतपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा तिराहे पर रविवार को अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तत्काल इसकी सूचना जैतपुर पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना की जानकारी फॉरेंसिक टीम को भी दी। टीम मौके पर पहुंचकर शव की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष थी और वह पिछले कुछ समय से इलाके में भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त की कोशिश की, हालांकि अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।