वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव में ज़मीन विवाद को लेकर मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें मामले से अवगत कराते हुए दूसरे पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज करने और जांच की मांग की। इसको लेकर चौबेपुर एसओ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। पुलिस कमिश्नर ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
दिग्पाल सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के दबंग किस्म के लोगों ने एक राय होकर 15-20 की संख्या में घर पर धावा बोल दिया। जमीन पर कब्जा करने की नीयत से मारपीट की। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और चाकू से लैस होकर घर के भीतर घुसकर संजय सिंह, अमित सिंह और अनुराग सिंह को बुरी तरह पीटा।
घटना की सूचना पर पीड़ित पक्ष ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों की भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही संजय सिंह को वैन से खींचकर दोबारा पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने संजय सिंह को अधमरा कर दिया, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
गंभीर हालत में संजय सिंह को पुलिस द्वारा नरपतपुर सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां भी हमलावर पीछा करते पहुंचे और दोबारा जानलेवा हमला किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विपक्षियों ने पूरे खानदान को जान से मारने की धमकी दी है और लगातार डराया-धमकाया जा रहा है।