वाराणसी : आंध्रा आश्रम में धूमधाम से शुरु हुआ 39वां श्री गणेश नवरात्र महोत्सव, पंचधातु की प्रतिमा की हुई प्रतिष्ठा

0


वाराणसी। भेलूपुर क्षेत्र स्थित मानसरोवर के श्री रामतारक आंध्रा आश्रम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला श्री गणेश नवरात्र महोत्सव इस वर्ष अपने 39वें पर्व में भव्यता के साथ आरंभ हुआ। बुधवार की प्रातः 9 बजे आश्रम प्रांगण में सजे हुए आकर्षक पंडाल में पंचधातु की भव्य प्रतिमा की विधि-विधानपूर्वक प्रतिष्ठा की गई।

vns
कार्यक्रम का शुभारंभ दक्षिण भारत से आए विद्वान पंडित श्याम राव शास्त्री एवं सम्राट बुद्ध शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी सुंदर शास्त्री को यजमान के रूप में कंकण धारण कर वैदिक दीक्षा दी गई। तत्पश्चात मंडप आराधना और नवग्रह मंडप की पूजा संपन्न हुई। इसके उपरांत पंचधातु निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा को पंचामृत से रुद्राभिषेक कर अष्टोत्तर नाम पूजा, सहस्त्रनाम पूजा तथा महाआरती मंत्र पुष्पांजलि के साथ सम्पन्न कराई गई।

पूरे अनुष्ठान के दौरान आश्रम का वातावरण गणेशमय रहा। दक्षिण भारत से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और “गणपति बप्पा मोरया” के गगनभेदी नारे गूंज उठे। इसके उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया तथा अन्नदान का आयोजन भी हुआ। महोत्सव के अंतर्गत दोपहर 4 बजे विद्वान उलिमिरी सोमायजुलु द्वारा विनायक कथा समंतोपाख्यानम का प्रवचन किया गया। परंपरागत रूप से इस कथा को सुनना विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके साथ ही शाम 6:30 बजे से पुनः विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया।

39वां गणेश नवरात्र महोत्सव आने वाले दिनों तक धार्मिक उत्साह और भक्ति के साथ जारी रहेगा, जिसमें विविध पूजा-पाठ, कथा प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कार्यक्रम का संचालन आश्रम के मैनेजर सीताराम ने किया। इस अवसर पर उमा, धरणिजा, अनुपम भट्टाचार्य, वी.वी.एस.पी. गणेश, पप्पू कृष्ण प्रसाद, पप्पू मूर्ति, आशीष टंडन, राजू यादव और संतोष कुमार सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।








Leave A Reply

Your email address will not be published.