दिल्ली की गोल मार्केट में शुरू होगा संग्रहालय के लिए सब- वे बनाने का काम, 6 महीने तक बंद रहेगी यह सड़क

0

नई दिल्ली | विकसित भारत की नींव डालने और उसे आगे ले जाने में प्रमुख भूमिका निभाने वाली महिलाओं पर केंद्रित देश के एकमात्र गोल मार्केट संग्रहालय का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो चुका है. अब इसकी फिनिशिंग कार्य को शुरू किया जाएगा. वहीं, संग्रहालय में एंट्री करने के लिए बनाए जाने वाले सब- वे निर्माण कार्य के लिए NDMC ने इस सड़क मार्ग व सर्विस रोड को 6 महीने तक बंद रखने की घोषणा की हैं. 18 जून यानि कल से यह सड़क मार्ग बंद हो जाएगा.

इन लोगों की बढ़ेगी परेशानी

भाई वीर सिंह मार्ग के 6 महीने तक बंद रहने पर कना प्लेस, काली बाड़ी मार्ग, गोल डाक खाना, बंगला साहिब गुरुद्वारा, करोल बाग और पहाड़गंज आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है, क्योंकि पंचकुइंया मार्ग और आरके आश्रम मार्ग के ट्रैफिक जाम से बचने के लिए लोग इसी सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.

उपाध्यक्ष ने दी जानकारी

NDMC उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि विकसित भारत की नींव डालने और उसे आगे ले जाने में प्रमुख भूमिका अदा करने वाली महिलाओं पर केंद्रित देश का एकमात्र संग्रहालय गोल मार्केट में बन रहा है. इसके मुख्य हिस्से में संग्रहालय होगा, जहां पर प्रमुख महिलाओं के जीवन का परिचय और उनके देश के लिए योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी. संग्रहालय में एंट्री के लिए भाई वीर सिंह मार्ग की ओर सब- वे का निर्माण किया जायेगा, जहां पर लिफ्ट की व्यवस्था भी होगी और साथ ही यहां पर सर्विस ब्लॉक भी होगा. इसके निर्माण कार्य के चलते भाई वीर सिंह सड़क मार्ग को 6 महीने तक बंद रखने का फैसला लिया गया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.