Todays Latest News: झारखंड में नक्सली साजिश नाकाम, दिल्ली में बाढ़ का खतरा, सोना-चांदी महंगे MP-CG में भारी बारिश अलर्ट

0


Today Latest Updates 03 August 2025: आज 03 अगस्त 2025 को देश-दुनिया से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। आज की सभी बड़ी और ताजा खबरें यहां पढ़ें..

11:13 AM

झारखंड में बड़ी नक्सली साजिश नाकाम, 125 किलो विस्फोटक बरामद

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को विफल कर दिया है। दलभंगा के सिकरम्बा जंगल और पहाड़ी इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान 125 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया। एसपी मुकेश लुणायत के अनुसार, विस्फोटक को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इससे नक्सलियों की बड़ी साजिश विफल हो गई।

11:02 AM

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब

दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और अलर्ट रहने की सलाह दी है।

10:56 AM

सोने की कीमतों में फिर उछाल, चांदी भी महंगी

पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद 3 अगस्त को सोने के दामों में फिर से उछाल देखा गया है। आज 24 कैरेट सोना ₹1,01,500 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चांदी के दाम ₹1,13,000 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं, जो कि एक दिन पहले ₹1,12,800 थे।

10:33 AM

यूपी में नया बिजली कनेक्शन 30% तक महंगा हो सकता है

उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने नए बिजली कनेक्शन की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य विद्युत नियामक आयोग को भेजा है। यदि यह मंजूर होता है, तो नया बिजली कनेक्शन 30% तक महंगा हो सकता है। इससे आम जनता और छोटे व्यवसायों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।

10:15 AM

छत्तीसगढ़ के स्कूल में बच्चों को परोसा गया दूषित भोजन

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक में स्थित लच्छनपुर गांव के शासकीय मिडिल स्कूल में मिड-डे मील में बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक आवारा कुत्ते के खाने में मुंह लगाने के बावजूद स्व-सहायता समूह ने वही खाना छात्रों को परोस दिया। इस घटना के बाद 78 बच्चों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पड़े।

9:32 AM

रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सेवा शुरू

आज से रायपुर और जबलपुर के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए समारोह में भाग लिया।

8:49 AM

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 5 दिन तक बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में राज्य के विभिन्न संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई, जिसमें सूरजपुर जिले के ओड़गी में सबसे अधिक 69 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

7:50 AM

इंदौर मेट्रो की टाइमिंग बदली, अब दोपहर 1 बजे से चलेगी ट्रेन

4 अगस्त से इंदौर मेट्रो की संचालन समय में बदलाव किया गया है। अब मेट्रो ट्रेनें सुबह नहीं, बल्कि दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगी। यह बदलाव गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर 3 तक चलने वाली मेट्रो पर लागू होगा। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा की योजना इस आधार पर बनाएं।

7:33 AM

मध्यप्रदेश में फिर भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में 3 और 4 अगस्त से भारी बारिश का नया दौर शुरू हो रहा है। ग्वालियर-चंबल और सागर संभागों में इसका अधिक प्रभाव रहने की संभावना है। 2 अगस्त को टीकमगढ़, गुना, छतरपुर, रीवा, सागर, सतना और सीधी जैसे 9 जिलों में बारिश दर्ज की गई। टीकमगढ़ में आधा इंच से अधिक पानी गिरा।



Leave A Reply

Your email address will not be published.