जंसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की तीन बाइक संग दो शातिर चोर गिरफ्तार, नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे बाइक चोरी
वाराणसी। जंसा थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर सजोई गेट के पास से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सुनील कुमार सिंह पुत्र राजबहादुर सिंह निवासी कुसहा, थाना चुनार, जिला मिर्जापुर (उम्र 26 वर्ष) और सतीश कुमार गौड़ पुत्र श्याम प्रसाद गौड़ निवासी दीनदासपुर, थाना जंसा, वाराणसी (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल तीन बाइक बरामद की गईं। इस मामले में जंसा थाने में मु0अ0सं0 178/2025, धारा 2(30), 317(2), 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च चलाने के लिए अलग-अलग जगहों से मोटरसाइकिलें चोरी किया करते थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर चितईपुर से एक स्प्लेंडर प्लस और हरहुआ व सिंधौरा क्षेत्र से दो पैशन प्रो बाइक चोरी की थीं। ये वाहन वे छुपाकर रखते थे और मौका मिलने पर अनजान लोगों को कम दाम पर अपनी गाड़ी बताकर बेच देते थे।
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि चोरी की स्प्लेंडर प्लस को बेचने के लिए वे शहर की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। बाद में उनकी निशानदेही पर बाकी दो बाइक भी बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिलों में यूपी 65 बीडी 1466 पैशन प्रो (काला एवं सिल्वर रंग), यूपी 65 एज़ेड 8194 हीरो स्प्लेंडर प्लस (काला रंग) और एक बिना नम्बर प्लेट वाली पैशन प्रो (काला एवं लाल रंग) शामिल है। जंसा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है।