UP News: होली पर अवैध व जहरीली शराब पर जीरो टॉलरेंस, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने दिए सख्त निर्देश


होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आबकारी एवं खनन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

अवैध और जहरीली शराब पर पूरी तरह रोक के निर्देश

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली पर्व के दौरान किसी भी जनपद में अवैध अथवा जहरीली शराब का उत्पादन, बिक्री या सेवन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में अवैध मदिरा के सेवन से कोई भी दुर्घटना स्वीकार्य नहीं होगी। इसके लिए संवेदनशील जनपदों में विशेष चौकसी और अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

औचक निरीक्षण और सीमा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि शराब की दुकानों, ढाबों और अन्य संभावित स्थानों पर नियमित एवं औचक निरीक्षण किए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर मदिरा का विक्रय न हो। उन्होंने विशेष रूप से अंतरराज्यीय सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही भांग की अधिकृत दुकानों पर किसी भी परिस्थिति में गांजा की बिक्री न होने देने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

दुकानों की अनावश्यक बंदी से बचने की हिदायत

मुख्य सचिव ने कहा कि शराब की दुकानों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बंद न रखा जाए, क्योंकि इससे अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है और जहरीली शराब से दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि दुकानों की बंदी के संबंध में निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा संतुलित रूप से लिया जाए।

अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। अंतरराज्यीय सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान संचालित किया जाए और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि होली पर्व के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।

खनन विभाग को राजस्व लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

बैठक में खनन विभाग की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने खनन विभाग को राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर स्रोत स्तर पर ही प्रभावी निगरानी की जाए। ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा नियमित और आकस्मिक निरीक्षण जारी रखें।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर मुख्य सचिव आबकारी वीना कुमारी मीना, आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह, सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म माला श्रीवास्तव, विशेष सचिव आबकारी अभिषेक आनंद और विशेष सचिव खनन अरुण कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment