उत्तर प्रदेश दिवस-2026: मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा; थीम – विकसित भारत, विकसित यूपी

0


उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एस.पी. गोयल, मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश ने एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य एवं जनपद स्तर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, थीम, प्रदर्शनियां, सम्मान समारोह एवं विभिन्न विभागों की सहभागिता पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

24 से 26 जनवरी 2026 तक होंगे यूपी दिवस के कार्यक्रम

मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ निर्धारित की गई है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य एवं जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन पूरी भव्यता एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

जनपदों में होगा सजीव प्रसारण, जनभागीदारी पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्यक्रम स्थलों का चयन समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा सभी आयोजनों में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

ODOP, जी.आई. टैग और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ पर रहेगा फोकस

जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा से संबंधित अभिलेखों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि ‘एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP)’ योजना के अंतर्गत शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय कराया जाए। जी.आई. टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों का ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के अंतर्गत स्थानीय व्यंजनों का भी प्रदर्शन एवं विक्रय सुनिश्चित होगा। मिशन शक्ति, नवाचार तथा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

कार्यक्रम के दौरान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, संस्कृति एवं कला जगत की हस्तियों, खेल, पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि एवं श्रम विभाग से जुड़े उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं के लिए प्रेरक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार वितरण भी इसी अवधि में आयोजित किए जाएंगे।

विदेशों में भी मनाया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस

मुख्य सचिव ने बताया कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर एवं थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में एमएसएमई एवं पर्यटन विभाग द्वारा विशेष सोवेनियर उपलब्ध कराए जाएंगे।

तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा

बैठक में तिथिवार कार्यक्रमों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।

  • 23 जनवरी 2026: नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर सभी जनपदों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल

  • 24 जनवरी: उत्तर प्रदेश दिवस

  • 25 जनवरी: राष्ट्रीय पर्यटन दिवस / मतदाता जागरूकता दिवस

  • 26 जनवरी: गणतंत्र दिवस समारोह

संस्कृति उत्सव 2025-26 और विशेष स्वच्छता अभियान

संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत 10 से 15 जनवरी 2026 तक ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। 17 से 19 जनवरी को मंडलीय मुख्यालयों पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं, 22 जनवरी को लखनऊ में मंडल स्तर की प्रतियोगिताएं तथा 24 से 26 जनवरी के बीच विजेताओं की प्रस्तुतियां, सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा 12 से 23 जनवरी 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों में साफ-सफाई के कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन अमित अभिजात, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एस.वी.एस. रंगाराव, प्रमुख सचिव पशुपालन मुकेश कुमार मेश्राम, मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख , नगर आयुक्त लखनऊ गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.