वाराणसी। डोमरी (पड़ाव), रामनगर स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में सत्र 2025-26 के लिए बी.एससी., बी.कॉम., बी.बी.ए., और बी.ए. की नव प्रवेशी छात्राओं का तीन दिवसीय दीक्षा कार्यक्रम (19, 20, 21 अगस्त 2025) मंगलवार को प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य पंडित सीताराम चतुर्वेदी जी और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद नव प्रवेशी छात्राओं को तिलक लगाकर महाविद्यालय में उनके पहले दिन का स्वागत किया गया।

महाविद्यालय के प्रवक्ताओं डॉ. अरुण कुमार दुबे, डॉ. सुनीति गुप्ता, डॉ. सूर्य प्रकाश वर्मा, डॉ. प्रतिमा राय, दीपक कुमार गुप्ता, वैशाली पाण्डेय, और लाइब्रेरियन श्रद्धा पाण्डेय ने छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली, अनुसंधान, प्लेसमेंट, औषधीय उद्यान, पुस्तकालय, खेलकूद, योग, और मेडिटेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।

महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय (पूर्व कुलपति, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया) ने नव प्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें जीवन में एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं से महाविद्यालय का नाम रोशन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने चुने हुए क्षेत्र में गहन अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए विशेषज्ञता और समर्पण जरूरी है।

कार्यक्रम के पहले दिन का समापन सभी नव प्रवेशी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। यह दीक्षा कार्यक्रम अगले दो दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।