वाराणसी : शादी का झांसा देकर महिला के साथ किया दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे थाने लाकर पूछताछ करने के साथ ही पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी रही। आरोपी काफी दिनों से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
छत्तीसगढ़ निवासी पीड़िता ने अपने स्थानीय थाने में तहरीर देकर जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। इस एफआईआर में बताया गया कि घटना वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में हुई। चूंकि घटनास्थल लंका थाना क्षेत्र में थी, इसलिए जीरो एफआईआर को वाराणसी पुलिस को हस्तांतरित किया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने पीड़िता को शादी का वादा करके उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद फरार था। लंका पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भदोही जिले के शियारा पुरानी बाजार निवासी प्रतिवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी, हृदय कुमार शामिल रहे।