वाराणसी : आशापुर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मृतक की पहचान अशोक यादव (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मन्ना लाल यादव, निवासी नरपतपुर झाम की माडई, थाना चौबेपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे किसी काम से घर से निकले थे और रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।