वाराणसी: संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, सीएमओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

0


वाराणसी। जिले में मंगलवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, दुर्गाकुंड से हुआ। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य और स्वच्छता कर्मियों ने रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा।

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि जागरूकता संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। यह अभियान प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि आसपास सफाई रखने और दूसरों को जागरूक करने से परिवार और समाज को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी ने बताया कि अभियान में कई विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के खतरों और बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि गंदा पानी, जलजमाव जैसी लापरवाहियों से बचा जाए तो बड़े खतरे टल सकते हैं। बीमार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराएं।

एसीएमओ (वेक्टर बार्न) डॉ. अमित सिंह ने बताया कि अभियान में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर ध्यान दिया जाएगा। घर-घर जाकर बुखार, टीबी, फाइलेरिया जैसे लक्षणों वाले मरीजों की पहचान की जाएगी और उनका इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सरकारी एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध होगी। 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान में भी स्वास्थ्य टीमें बीमार लोगों की जानकारी एकत्र करेंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय ने बताया कि अभियान में चिकित्सा, नगर पंचायत, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन, कृषि, सूचना और उद्यान विभाग शामिल हैं। मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। रैली में वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक अजय कुमार मिश्र, यूनिसेफ के आर.सी. प्रदीप विश्वकर्मा, पाथ की डॉ. ओजस्विनी त्रिवेदी, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।








Leave A Reply

Your email address will not be published.