वाराणसी विकास प्राधिकरण सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने अफसरों और ठेकेदारों के कार्यों की प्रगति समीक्षा, विलंब पर जताई नाराजगी

0


वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को प्राधिकरण के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना और लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराना था।

बैठक में अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों और ठेकेदारों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रिपोर्टों के अवलोकन के बाद उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर गंभीर चिंता और नाराजगी व्यक्त की। विशेषकर ड्राइंग कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं आने और रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर उन्होंने कड़ी चेतावनी दी।

ा

सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने, संसाधनों का कुशल प्रबंधन करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए आदेशित किया गया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि वाराणसी विकास प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं प्रदान करना है, और इसके लिए प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध और मानक के अनुसार पूर्ण करना अनिवार्य है।

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि प्राधिकरण स्तर पर समय-समय पर निरंतर निगरानी और समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही की संभावना न रहे। सचिव ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा में प्रगति संतोषजनक नहीं रही, तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इसके अलावा, डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारियों और ठेकेदारों ने आगे से गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।








Leave A Reply

Your email address will not be published.