वाराणसी : स्ट्रीट वेंडरों ने नगर निगम का किया घेराव, वेंडिंग जोन निर्धारित करने की मांग
वाराणसी। शहर में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए पुलिस की कार्रवाई से नाराज स्ट्रीट वेंडरों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान वेंडिंग जोन घोषित करने और तब तक कोई कार्रवाई न करने की मांग की। नगर आयुक्त ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।

पुलिस कमिश्नर ने गोदौलिया, दशाश्वमेध, और लक्सा जैसे क्षेत्रों में बढ़ती भीड़ और स्ट्रीट वेंडरों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण को देखते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस घोषणा के बाद स्ट्रीट वेंडरों ने नगर निगम से हस्तक्षेप की मांग की।

ठेला पटरी व्यवसायी समिति के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने कहा, “बिना वेंडिंग जोन घोषित किए स्ट्रीट वेंडरों पर कार्रवाई अनुचित है। हमने नगर आयुक्त से मांग की है कि वेंडिंग जोन घोषित किए जाएं और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तब तक कार्रवाई रोकने को कहा जाए। नगर आयुक्त के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है, लेकिन यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।”

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने वेंडरों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि इस मुद्दे पर पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। यह घेराव वाराणसी में स्ट्रीट वेंडरों की आजीविका और अतिक्रमण के बीच संतुलन बनाने की चुनौती को उजागर करता है।