वाराणसी के 50 कृषकों का भ्रमण दल उत्तराखंड के लिए रवाना
वाराणसी: उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत जनपद वाराणसी के 50 कृषकों का भ्रमण दल बुधवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड के लिए रवाना हुआ। यह दल आगामी पांच दिनों तक श्रीअन्न (मिलेट्स) के फसल उत्पादन की पद्धति, मिलेट्स से बनने वाले उत्पादों, और मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिटों का फील्ड विजिट करेगा। साथ ही, प्रशिक्षण के माध्यम से श्रीअन्न की उत्पादन व उत्पादकता में वृद्धि और इसे दैनिक आहार में शामिल करने की जानकारी प्राप्त करेगा।

भ्रमण दल में जनपद के चिरईगांव, चोलापुर, हरहुआ, पिंडरा, बड़ागांव, और काशी विद्यापीठ विकासखंडों से 6-6 कृषक, तथा सेवापुरी और आराजीलाईन विकासखंडों से 7-7 कृषक शामिल हैं। इस दल ने कृषि भवन से अपराह्न में बस के माध्यम से अपनी यात्रा शुरू की।
संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने भ्रमण दल को शुभकामनाएं देते हुए हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने कृषकों से अपील की कि वे अध्ययन भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने क्षेत्र के अन्य कृषकों के साथ साझा करें और उन्हें श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन के लिए प्रेरित करें।
भ्रमण दल के प्रस्थान के समय जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।