Vrindavan : सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण पर नगर निगम का बुल्डोजर, 30 मकान ध्वस्त

0


Vrindavan : नगर निगम की टीम ने वृंदावन के परिक्रमा मार्ग मोहिनी नगर के समीप पानीगांव खादर क्षेत्र में खसरा संख्या 487 पर अवैध रूप से हो रहे निर्माणों को हटाने के लिए शनिवार को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 30 पक्के मकानों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त किया गया। नगर निगम की टीम को कार्यवाही के दौरान हल्के-फुल्के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही।

मथुरा के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि पानीगांव खादर क्षेत्र की यह भूमि नगर निगम की पशुचर भूमि है, जिस पर लंबे समय से अवैध निर्माण होने की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार निगम की टीम ने इन निर्माणों को रोकने के लिए चेतावनी दी, लेकिन स्थानिय लोगों ने चेतावनियों को नजरअंदाज कर निर्माण कार्य जारी रखा। अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक के निर्देशानुसार और नगर निगम प्रवर्तन टीम के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सका। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण न करें और यदि कोई शिकायत हो तो उसे उचित माध्यम से दर्ज कराएं। नगर निगम प्रशासन अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ सख्ती से काम कर रहा है ताकि शहर की अव्यवस्था को रोका जा सके और नगर विकास योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.