How Wimbledon 2025 Top 10 Seeds Prepared for the Grand Slam: विंबलडन 2025 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। साल का तीसरा ग्रैंड स्लैम 30 जून से लंदन के ग्रास कोर्ट्स पर शुरू होने जा रहा है। दुनिया भर की निगाहें इस बार भी यानिक सिनर, कार्लोस अल्काराज़ और नोवाक जोकोविच जैसे टॉप खिलाड़ियों पर टिकी हैं, क्योंकि ये तीनों खिलाड़ी ख़िताब जीतने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि टॉप 10 सीडेड खिलाड़ियों ने विंबलडन से पहले कितनी तैयारी की है और क्या वे खिताब जीतने की रेस में सच में आगे हैं? हालाँकि, कुछ खिलाड़ियों ने क्वीन्स और स्टटगार्ट जैसे टूर्नामेंट खेले, तो कुछ ने फिटनेस और रिकवरी को प्राथमिकता दी। आइए जानते हैं टॉप 10 सीडेड खिलाड़ियों की विंबलडन 2025 से पहले की तैयारी कैसी रही।
जानिए विंबलडन 2025 से पहले कैसी रही टॉप 10 सीडेड खिलाड़ियों की तैयारी
10. बेन शेल्टन (Ben Shelton)
अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन इस साल पहली बार टॉप 10 रैंकिंग में पहुंचे और उनके खेल में आक्रामकता साफ नजर आई। स्टटगार्ट ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि रही, जिससे उन्होंने खुद को ग्रास कोर्ट का संभावित दावेदार साबित किया। विंबलडन 2025 से पहले उन्होंने मल्लोर्का ओपन में भी हिस्सा लिया, जहां वे सीधे राउंड ऑफ 16 में उतरे। टॉनी नडाल जैसे दिग्गज उन्हें अलकाराज़ और सिनर के लिए खतरा मानते हैं, जो उनकी क्षमता का बड़ा संकेत है।
9. डेनियल मेदवेदेव (Daniil Medvedev)
रूसी खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव के लिए इस सीजन की तैयारी उतनी प्रभावशाली नहीं रही। हाले ओपन में वह तीसरे वरीय के रूप में उतरे थे लेकिन टूर्नामेंट में निचले रैंक के खिलाड़ी से स्ट्रेट सेट्स में हार गए। वह इस साल अब तक कोई खिताब नहीं जीत सके हैं, जिससे उनके आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है। हालांकि, ग्रास कोर्ट पर उनकी खेलने की शैली और अनुभव देखते हुए उन्हें कमजोर नहीं आंका जा सकता है।
8. होल्गर रूण (Holger Rune)
डेनमार्क के होल्गर रूण फ्रेंच ओपन में चौथे राउंड से बाहर होने के बाद सीधे क्वीन्स क्लब में नजर आए। वहां उन्होंने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन अपसीडेड खिलाड़ी रोबर्टो बॉतिस्ता अगुट के हाथों हार गए। हालाँकि, उनका प्रदर्शन स्थिर रहा है, लेकिन वह ग्रास पर खुद को साबित करने के लिए उतावले होंगे।
7. लॉरेंजो मुसेट्टी (Lorenzo Musetti)
इटली के लॉरेंजो मुसेट्टी इस लिस्ट में उन दो टॉप खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने विंबलडन 2025 से पहले कोई भी ग्रास टूर्नामेंट नहीं खेला। उन्हें फ्रेंच ओपन में कार्लोस अलकाराज़ के खिलाफ सेमीफाइनल में चोट के चलते मैच से रिटायर होना पड़ा था। उसी चोट के चलते उन्होंने क्वीन्स टूर्नामेंट भी मिस किया, लेकिन अब वह विंबलडन खेलने के लिए फिट माने जा रहे हैं। हालांकि, मैच प्रैक्टिस की कमी उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
6. नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic)
सात बार के विंबलडन चैंपियन और अब तक सबसे ज्यादा 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके दिग्गज नोवाक जोकोविच की तैयारी बेहद अलग रही है। उन्होंने अपनी पुरानी रणनीति के तहत कोई वार्म-अप टूर्नामेंट नहीं खेला है और अब वह सीधे विंबलडन में उतरेंगे। पिछली बार की तरह इस बार भी उन्होंने घर पर रहकर ही तैयारी की है।
वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में लगी मांसपेशियों की चोट के बाद पूरी तरह से रिकवरी मोड में थे और फ्रेंच ओपन 2025 सेमीफाइनल में यानिक सिनर से मिली हार उनका आखिरी मैच था। लेकिन इतिहास गवाह है कि जोकोविच बिना पहले से किसी बड़ी तैयारी के भी विंबलडन जीत सकते हैं।
5. टेलर फ्रिट्ज़ (Taylor Fritz)
स्टटगार्ट ओपन में खिताब जीतने के बाद अमेरिकी खिलाड़ी फ्रिट्ज़ का आत्मविश्वास ऊंचा था, लेकिन वह क्वीन्स क्लब में पहले ही मैच में बाहर हो गए। उन्हें पहले राउंड के मुकाबले में फ्रांसीसी खिलाड़ी कोरेंटिन माउटे ने तीन सेट्स में हरा दिया। हालांकि, ग्रास कोर्ट पर उनकी ताकत और पिछला प्रदर्शन उन्हें खारिज नहीं करता।
4. जैक ड्रेपर (Jack Draper)
ब्रिटेन के जैक ड्रेपर इस समय जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। इंडियन वेल्स जीतने और मैड्रिड मास्टर्स में फाइनल तक पहुंचने के बाद उन्होंने टॉन्सिल की समस्या के बावजूद क्वीन्स क्लब में भी सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। उन्हें सेमीफाइनल में जीरी लेहेका से हार मिली, लेकिन उनका खेल देखने लायक रहा। हालाँकि, अभी तक वो कभी विंबलडन के दूसरे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए हैं, लेकिन इस बार घरेलू दर्शकों के सामने वह इतिहास रच सकते हैं।
3. अलेक्जेंडर ज्वेरेव (Alexander Zverev)
जर्मनी के ज्वेरेव ने अप्रैल में बीएमडब्ल्यू ओपन जीता और उसके बाद हाले ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंचे। वहां उन्हें मेदवेदेव के खिलाफ तीन सेटों में हार का सामना करना पड़ा। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कोबोली, सोनेगो और गिरोन जैसे खिलाड़ियों को हराया, जिससे उनकी ग्रास कोर्ट तैयारी संतुलित नजर आई।
2. कार्लोस अल्काराज़ (Carlos Alcaraz)
फ्रेंच ओपन जीतने के बाद कार्लोस अल्काराज़ ने क्वीन्स क्लब में भी शानदार प्रदर्शन किया और वहां अपना दूसरा खिताब जीता। उन्होंने फाइनल में जीरी लेहेका के खिलाफ तीन सेट्स का मुकाबला जीतकर ग्रास कोर्ट पर अपनी क्षमता साबित की। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान सिर्फ एक सेट गंवाया। भले ही वह रैंकिंग में सिनर से नीचे हैं, लेकिन उनकी हालिया फॉर्म उन्हें खिताब का सबसे बड़ा दावेदार बनाती है।
1. यानिक सिनर (Jannik Sinner)
दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी यानिक सिनर फ्रेंच ओपन फाइनल में मिली हार को पीछे छोड़ना चाहते थे, लेकिन हाले ओपन में भी उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली। उन्होंने पहले मैच में यानिक हान्फमैन को हराया, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्हें एलेक्जेंडर बब्लिक से हार झेलनी पड़ी।
सिनर ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से कोई खिताब नहीं जीत सके हैं। इसके अलावा उन पर लगा चार महीने का डोपिंग बैन भी उनके मनोबल पर असर डाल सकता है। हालांकि, उनका टैलेंट उन्हें खिताब जीतने का प्रबल दावेदार बनाता है।