वाराणसी : गंगापुर नगर पंचायत में तेज हुई विकास की रफ्तार, सीवरेज प्लांट से लेकर हाईमास्ट लाइट तक हो रहा काम
वाराणसी। नगर पंचायत गंगापुर में इन दिनों व्यापक स्तर पर विकास कार्य जारी हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत नगर के मुख्य मार्गों के निर्माण की निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी कर दिया गया है। नगर पंचायत की अध्यक्ष स्नेहलता सेठ और अधिशासी अभियंता नवनीत जायसवाल ने बताया कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कार्यों की गति तेज कर दी गई है।

सीवरेज और जल निकासी योजना के अंतर्गत नगर के 11 अलग-अलग स्थानों पर भूमिगत जल निकासी की व्यवस्था लगभग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा जिन मुख्य मार्गों और गलियों में अब तक कार्य नहीं हो पाया है, उनके प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। अनुमोदन मिलने के बाद उन क्षेत्रों में भी तेजी से काम शुरू कराया जाएगा।
नागरिक सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 84 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। इससे नगर में यूज्ड वॉटर के ट्रीटमेंट और निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था सुलभ हो सकेगी। साथ ही नगर में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं और पुरानी लाइटों का अनुरक्षण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सत्यम सेठ ने जानकारी दी कि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के प्रयासों से नगर के विभिन्न वार्डों में 10 हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा हो रही है और सुरक्षा भी बेहतर हुई है। इस प्रकार गंगापुर नगर पंचायत अब एक विकसित और सुव्यवस्थित नगर की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।