विस चुनाव की तैयारी में जुटा भाजयुमो, वाराणसी से युवाओं ने किया शंखनाद

0


वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कमर कस ली है। इस दिशा में संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चुनावी तैयारी का शंखनाद कर दिया। ‘विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और आने वाले चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

vns

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल युवाओं को संगठित करना था, बल्कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें अवगत कराकर उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व सौंपना भी था। इस दौरान युवाओं को यह बताया गया कि वे किस प्रकार मोदी सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर पार्टी को मजबूत आधार दे सकते हैं।

भाजयुमो काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष इंद्रभूषण कुशवाहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “आज का युवा देश के विकास में एक अहम स्तंभ बन चुका है। हम चाहते हैं कि यह युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने और 2027 के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाए। हमारा लक्ष्य है कि सरकार की नीतियों और योजनाओं को हर गांव, हर घर तक पहुंचाया जाए।”

कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी के संदेश और विकास की सोच को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे।

इस आयोजन के माध्यम से भाजपा ने यह संकेत साफ कर दिया कि वह 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से ही संगठनात्मक स्तर पर तैयारी शुरू कर चुकी है। युवाओं को केंद्र में रखकर पार्टी एक बार फिर अपनी चुनावी रणनीति को धार देने की ओर अग्रसर है।








Leave A Reply

Your email address will not be published.